बाँदा।नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है।एक महिला ने अपने पति पर अपनी सगी बहन को बहला-फुसलाकर अपहरण कर भगाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने पुलिस अधीक्षक बांदा को सौंपे प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका पति 10 दिसंबर को दोपहर को बांदा शहर से उसकी बहन को सिलाई के कपड़े देने के बहाने रास्ते में रोककर कहीं ले गया है।
पीड़िता जो खुद एक गृहिणी हैं और तीन बच्चों की मां हैं, पुलिस अधीक्षक को आवेदन में लिखा है कि घटना के बाद से उनका परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चे और वह खुद दर-ब-दर भटक रहे हैं, भूखे-प्यासे दिन काट रहे हैं।
पीड़िता को डर है कि उनका पति, जो बेहद शातिर किस्म का व्यक्ति है और सिलाई का काम करता है, बहन को बेच देगा या उसकी हत्या कर देगा।
प्रार्थना पत्र में पीड़िता ने पुलिस से अपील की है कि उनकी दयनीय स्थिति को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए और आरोपी पति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही करते हुए गायब बहन को तलाश कर घर वापस सही सलामत लाया जाए। पीड़ित महिला नगर कोतवाली क्षेत्र की निवासिनी है।















