मुजफ्फरनगर। जिले की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला जब चरथावल से समाजवादी पार्टी के विधायक पंकज मलिक ने अपने प्रेमपुरी स्थित आवास पर भारतीय जनता पार्टी के दर्जनभर से अधिक पदाधिकारियों को सपा की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर विधायक ने कहा कि सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की कार्यशैली और उनकी लोकप्रियता से प्रभावित होकर लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने नए साथियों का स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया कि उनके द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों का पूरा निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
सपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में भाजपा शक्ति केंद्र संयोजक और पूर्व जिला मंत्री (अल्पसंख्यक मोर्चा) रिजवान अंसारी सबसे प्रमुख चेहरा रहे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और हरेंद्र मलिक की कार्यशैली ने उन्हें काफी प्रभावित किया है और अब वे समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे। उनके साथ शामिल होने वालों में बूथ अध्यक्ष शानू अंसारी, मेहरबान राजपूत, दानिश राजपूत, इसके अलावा ज़ुबैर खान, जुनेद खान, फैसल खान, फेज आलम अंसारी, फरमान अंसारी, आलम चौधरी और समद रंगरेज जैसे कार्यकर्ता भी शामिल रहे।
इस अवसर पर विधायक पंकज मलिक ने कहा कि भाजपा छोड़कर आए ये साथी अब समाजवादी पार्टी की रीति-नीति को गांव-गांव तक पहुंचाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता की सेवा ही सपा कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता है और मिलकर पार्टी को मजबूत करेंगे। कार्यक्रम में मौजूद जिला अध्यक्ष कपिल मलिक, डॉ. नूर हसन सलमानी और योगेंद्र बालियान सहित अन्य वरिष्ठ सपा नेताओं ने भी नवागंतुक कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया और उन्हें पार्टी की मजबूती के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का आह्वान किया।
मुजफ्फरनगर की इस राजनीतिक हलचल ने जिले में चर्चाओं को तेज कर दिया है। भाजपा से जुड़े रहे सक्रिय पदाधिकारियों का सपा में शामिल होना न केवल संगठनात्मक स्तर पर असर डालेगा, बल्कि भविष्य में चुनावी समीकरणों पर भी इसका प्रभाव दिख सकता है। नए सदस्यों के जुड़ने से सपा का जनाधार और अधिक मजबूत होगा, वहीं भाजपा के लिए यह नुकसान माना जा रहा है। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि सपा की यह बढ़त आगामी स्थानीय चुनावों में पार्टी को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।















