मुजफ्फरनगर में मंसूरपुर डिस्टलरी के कर्मचारियों के बकाया वेतन भुगतान को लेकर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय सिंह के कार्यालय में धरना दिया। अहलावत ने आरोप लगाया कि मंसूरपुर डिस्टलरी लंबे समय से कर्मचारियों के वेतन का भुगतान नहीं कर रही है, जिससे सैकड़ों परिवारों का गुजारा प्रभावित हो रहा है।धरने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आया और अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र सिंह, नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप, उपजिलाधिकारी अपूर्वा यादव तथा श्रम विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।प्रदर्शन के दौरान राजू अहलावत ने कहा कि बार–बार अनुरोध करने के बावजूद कर्मचारियों को उनका हक नहीं मिल रहा, जिससे मजदूर वर्ग आक्रोशित है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसान मोर्चा उग्र आंदोलन करेगा।अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डिस्टलरी प्रबंधन से बातचीत की जाएगी और कर्मचारियों का बकाया शीघ्र दिलाने के लिए कदम उठाए जाएंगे। धरने के कारण कार्यालय परिसर में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल रहा।























































