मुंबई ट्रैफिक कंट्रोल रूम को भेजे गए धमकी भरे संदेश के मामले में मुंबई पुलिस और एटीएस ने त्वरित कार्रवाई की है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धमकी देने वाली महिला का नाम फातिमा खान है, जो ठाणे के उल्हासनगर में रहती है। एटीएस ने जांच के बाद पाया कि महिला मानसिक रूप से अस्थिर हो सकती है, जिसके चलते उसकी मानसिक स्थिति की जांच के लिए मेंटल चेकअप कराने का निर्णय लिया गया है।
एटीएस ने महिला की लोकेशन ट्रेस कर उसे उल्हासनगर से हिरासत में लेकर वर्ली पुलिस को सौंपा, जहां उससे पूछताछ की गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया है लेकिन नोटिस जारी किया गया है। धमकी भरे संदेश में यह लिखा था कि यदि योगी आदित्यनाथ ने 10 दिनों में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया, तो उनका हाल बाबा सिद्दीकी की तरह किया जाएगा। यह धमकी उस घटना का संदर्भ देती है जिसमें एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की दशहरा की रात हत्या कर दी गई थी और लॉरेंस बिश्नोई की गैंग ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी।इस मामले के बाद से पुलिस प्रशासन सतर्क है और जांच जारी है ताकि धमकी देने के पीछे के उद्देश्य का पता लगाया जा सके।















