वोटर लिस्ट पर बड़ा ‘ऑपरेशन क्लीन’, SIR जल्द पूरे देश में होगा लागू:

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को जल्द ही देश के शेष राज्यों में भी शुरू किया जाएगा. फिलहाल 12 राज्यों में SIR जारी है, जबकि बाकी राज्यों के लिए तैयारी अंतिम चरण में है.राष्ट्रीय मतदाता दिवस से पहले मीडिया से बातचीत में CEC ज्ञानेश कुमार ने बताया कि साल 2025 चुनाव आयोग के लिए उपलब्धियों से भरा रहा है.उन्होंने कहा कि आयोग ने मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए नए और अधिक प्रभावी स्वरूप में SIR को लागू किया है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मजबूत हुई है.

ज्ञानेश कुमार के अनुसार, SIR का मुख्य उद्देश्य हर पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करना और अपात्र नामों को हटाना है, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और भरोसेमंद बनी रहे. उन्होंने जोर देकर कहा कि इस अभ्यास से न सिर्फ फर्जी या डुप्लिकेट नामों पर रोक लगेगी, बल्कि योग्य मतदाताओं का अधिकार भी सुरक्षित होगा.मुख्य चुनाव आयुक्त ने भरोसा जताया कि शेष राज्यों में SIR के विस्तार से मतदाता सूची पहले से अधिक सटीक और विश्वसनीय बनेगी, जिसका सीधा फायदा निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनावों को मिलेगा. चुनाव आयोग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे SIR के दौरान सहयोग करें और अपने दस्तावेज़ों की जांच कर समय रहते आवश्यक सुधार कराएं.

उन्होंने कहा कि हाल ही में 21 से 23 जनवरी के दौरान भारत निर्वाचन आयोग ने चुनावी प्रबंधन और चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा के लिए विश्व का सबसे बड़ा वैश्विक सम्मेलन आयोजित किया. इस ऐतिहासिक सम्मेलन में 70 से अधिक देशों के चुनाव प्रबंधन संस्थानों के प्रमुखों एवं वरिष्ठ अधिकारियों, साथ ही कई देशों के राजदूतों ने भाग लिया. यह पहल न केवल भारत और भारत निर्वाचन आयोग की वैश्विक प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि वैश्विक स्तर पर भारतीय निर्वाचन आयोग के सशक्त नेतृत्व को भी मजबूती से स्थापित करती है.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts