मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी द्वारा एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की समीक्षा को लेकर चरथावल विधानसभा क्षेत्र के बघरा में एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी ने की, जबकि संचालन सपा प्रदेश सचिव नौशाद अली द्वारा किया गया। इस बैठक में एसआईआर अभियान की वर्तमान स्थिति, मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।सपा के नि जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन ने बताया कि बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं एसआईआर अभियान प्रभारी प्रोफेसर भुवन जोशी मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और जागरूकता के कारण एसआईआर के पहले चरण में भाजपा अपनी ही साजिश में उलझ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पीडीए वर्ग के मतदाताओं के वोट छीनने की कोशिश कर रही थी,
लेकिन मुख्यमंत्री योगी द्वारा चार करोड़ वोट खोने संबंधी बयान ने पूरे मामले की सच्चाई उजागर कर दी है। प्रोफेसर जोशी ने कहा कि आने वाले चरणों में भी सपा कार्यकर्ताओं को पूरी सतर्कता के साथ वोट चोरी रोकने के लिए तैयार रहना होगा।बैठक को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी, चरथावल विधानसभा विधायक पंकज मलिक और सपा राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता के वोट की सुरक्षा करना सपा कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि किसी भी तरह की वोट चोरी या गड़बड़ी के खिलाफ संघर्ष के लिए हमेशा तैयार रहें। उन्होंने यह भी कहा कि जिन पात्र मतदाताओं का अब तक फार्म नहीं भरा गया है, वहां कार्यकर्ता घर–घर जाकर फार्म भरवाने का काम करें और मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी को सफल न होने दें।इसी क्रम में चरथावल विधानसभा क्षेत्र के मुरादपुरा गांव में एसआईआर को लेकर समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए विधायक पंकज मलिक ने कहा कि एसआईआर के माध्यम से जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के नाम पर पात्र मतदाताओं को सूची से बाहर करने की कोशिश हो सकती है, जिसे सपा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने और आम जनता को जागरूक करने का आह्वान किया।















