पाकिस्तान की सरकारी एयरलाइन Pakistan International Airlines (PIA) इन दिनों भयंकर संकट में है। सोमवार रात से विमान इंजीनियरों की अचानक शुरू हुई अघोषित हड़ताल ने एयरलाइन की सभी उड़ानों को प्रभावित कर दिया है। इंजीनियरों ने विमानों को सुरक्षित उड़ान योग्य घोषित करने वाले सर्टिफिकेट जारी करना बंद कर दिया है, जिससे देश और विदेश की सैकड़ों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
हड़ताल की शुरुआत सोमवार देर रात हुई, जिसके बाद से आठ अंतरराष्ट्रीय और कई घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गईं। इस कारण कराची, लाहौर और इस्लामाबाद हवाई अड्डों पर सैकड़ों यात्री रातभर फंसे रहे। इनमें बड़ी संख्या में उमरा यात्रियों की भी थी, जिन्हें अब अगले आदेश तक इंतजार करना पड़ रहा है।
PIA पहले से ही भारी आर्थिक संकट और निजीकरण की प्रक्रिया के बीच जूझ रही थी। ऐसे में इंजीनियरों की अचानक हड़ताल ने एयरलाइन की परेशानी और बढ़ा दी है। इस मामले में PIA प्रबंधन और सिविल एविएशन अथॉरिटी (CAA) ने संकेत दिए हैं कि हड़ताल में शामिल इंजीनियरों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, इंजीनियर वेतन, भत्तों और कार्य परिस्थितियों को लेकर नाराज हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे काम पर नहीं लौटेंगे। इस हड़ताल ने पाकिस्तान की सबसे बड़ी एयरलाइन को लगभग पूर्ण ठप कर दिया है, जिससे देश के एविएशन सेक्टर में हड़कंप मच गया है।















