भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने पहलगाम हमले के खिलाफ पैदल मार्च कर प्रधानमंत्री को सौंपा ज्ञापन

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च कर विरोध जताया और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। संगठन ने सरकार को आश्वस्त किया कि आतंकवाद के खिलाफ हर मोर्चे पर वह सरकार के साथ खड़ा है। साथ ही नागरिकों को भयमुक्त वातावरण देने के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की।

कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए राजीव नीटू दूल्हेरा ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ किसान ही नहीं, देश का हर नागरिक एकजुट है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से देश की सुरक्षा के साथ-साथ अर्थव्यवस्था पर भी खतरा मंडरा रहा है। मार्च में बिजेंद्र बालियान, अंकित मोरना, विपिन त्यागी, संजीव सहरावत, प्रवीण पंवार, विनीत त्यागी, शहजाद राव, पवित् अहलावत, अमित ठाकुर, शावेज, राजीव सहरावत, डॉ सत्तार, मुन्ना, उस्मान समेत सैकड़ों पदाधिकारी शामिल रहे।

भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने प्रधानमंत्री को भेजे ज्ञापन में मांग की कि पहलगाम आतंकी हमले के दोषियों के खिलाफ इजराइल और अमेरिका की तरह कड़ी कार्रवाई की जाए। सीमा सुरक्षा को मजबूत करते हुए निगरानी बढ़ाई जाए, पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर दबाव बनाया जाए और आतंकवाद विरोधी अभियानों को तेज किया जाए। साथ ही स्थानीय समुदायों का विश्वास जीतने, तकनीकी उन्नयन करने और पाकिस्तान पर आर्थिक व राजनीतिक दबाव बढ़ाने की भी मांग की गई। संगठन ने कहा कि देशवासियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाने चाहिए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts