पटेलनगर रामलीला में भरत मिलाप की भावुक प्रस्तुति, दर्शकों की आंखें हुईं नम

मुजफ्फरनगर। पटेलनगर में रामलीला भवन सेवा समिति के तत्वावधान में चल रही रामलीला इन दिनों श्रद्धा और आस्था का केंद्र बनी हुई है। शनिवार की रात भरत मिलाप की लीला का मंचन हुआ, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया। स्थानीय और युवा कलाकारों ने ऐसा जीवंत अभिनय प्रस्तुत किया कि पूरा पंडाल मंत्रमुग्ध हो उठा। राम और भरत के मिलन का यह दृश्य इतना प्रभावशाली रहा कि कई दर्शकों की आंखें नम हो गईं और मंचन स्थल पर गहरा भावनात्मक माहौल बन गया।

रामलीला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के अध्यक्ष और समाजसेवी मनीष चौधरी उपस्थित रहे। उन्होंने सपरिवार पूजन व आरती की और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ कराया। समिति पदाधिकारियों ने उनका स्वागत स्मृति चिन्ह और पटका पहनाकर किया। मंच पर संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि पटेलनगर रामलीला की विशेषता यह है कि यहां के मंचन में स्थानीय और युवा कलाकार ही भाग लेते हैं। यह दर्शाता है कि समिति लगातार युवाओं को सनातन संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य कर रही है। पिछले 50 वर्षों से इस रामलीला का मंचन इसी उद्देश्य से किया जा रहा है, जिससे युवा पीढ़ी भारतीय संस्कृति और समाज के संस्कारों से परिचित हो रही है।

उन्होंने आगे कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह समाज में भाईचारे, भक्ति और संस्कारों का संदेश भी देती है। भरत मिलाप की लीला ने इस संदेश को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया, जिसमें भाईचारे, प्रेम और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला। दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुति को खूब सराहा और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम संयोजक विकल्प जैन ने बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलीला देखने पहुंच रहे हैं। उन्होंने मंचन के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की भी सराहना की और कहा कि सुरक्षा व यातायात की सुचारु व्यवस्था से श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है।

शनिवार को हुए मंचन में भरत मिलाप की भावुक लीला ने समूचे वातावरण को भक्ति और भाईचारे की भावना से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर समिति के मुख्य प्रबंधक अनिल ऐरन, अध्यक्ष गोपाल चौधरी, उपाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, महामंत्री सुरेंद्र मंगल, मंत्री जितेंद्र कुच्छल, मनोज पाटिल, दिनेश जैन ठेकेदार, अनिल लोहिया, पीयूष शर्मा, राकेश मित्तल, विनोद गुप्ता, निर्देशक पंकज शर्मा, नारायण ऐरन, विजय मित्तल, जितेंद्र नामदेव और गोविंद शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

लगातार चल रही इस रामलीला ने श्रद्धालुओं को भक्ति और परंपरा की गहराइयों से जोड़ दिया है। विशेषकर भरत मिलाप का मंचन ऐसा रहा, जिसने न केवल मनोरंजन किया बल्कि समाज को प्रेम, भाईचारे और त्याग का गहन संदेश भी दिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts