एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही थीं। सोशल मीडिया से लेकर खेल जगत तक चर्चाओं का बाजार गर्म था कि क्या भारत इस मैच का बायकॉट करेगा। लेकिन अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इन अटकलों पर विराम लगाते हुए साफ कर दिया है कि भारत-पाकिस्तान का मुकाबला तय है और किसी तरह का बायकॉट नहीं होगा। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि हाल ही में केंद्र सरकार की ओर से जारी नीति के अनुसार भारत को किसी भी ऐसे देश के खिलाफ मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में खेलने पर रोक नहीं है, जिसके साथ भारत के संबंध सामान्य न हों। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक सरकार की ओर से कोई नया निर्देश नहीं आता, तब तक टीम इंडिया एशिया कप समेत हर मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में पाकिस्तान जैसी टीमों के खिलाफ मैदान पर उतरेगी।
भारत और पाकिस्तान का मैच हमेशा से ही क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास रहा है। यह सिर्फ एक खेल मुकाबला नहीं, बल्कि करोड़ों प्रशंसकों के जज्बातों का संगम होता है। बीसीसीआई के इस बयान के बाद अब यह साफ है कि दोनों टीमें मैदान पर आमने-सामने होंगी और रोमांचक भिड़ंत देखने को मिलेगी। खास बात यह है कि भारत-पाक मुकाबलों का दर्शकों पर अलग ही असर होता है और टीवी रेटिंग्स से लेकर स्टेडियम की टिकटों तक, हर जगह इस मैच का जुनून देखा जाता है। बीसीसीआई का यह कदम क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी राहत है, क्योंकि लंबे समय से अनिश्चितता बनी हुई थी। अब क्रिकेट प्रशंसकों को यह भरोसा हो गया है कि एशिया कप 2025 का सबसे बड़ा रोमांचक मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच जरूर खेला जाएगा।















