बांदा। अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन डॉ. संजीव गुप्ता ने चित्रकूटधाम परिक्षेत्र के डीआईजी राजेश एस और एसपी पलाश बंसल सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन बांदा के नवीन सभागार में अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने जनपद में अपराध नियंत्रण, शांति एवं कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डॉ. गुप्ता ने मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शस्त्र निर्माण व बिक्री पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने टॉप टेन, इनामी व हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की गिरफ्तारी पर विशेष बल दिया। चोरी, लूट, टप्पेबाजी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त और रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। महिला अपराधों के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।समीक्षा बैठक के बाद एडीजी ने पुलिस लाइन में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही आरटीसी प्रशिक्षण के लिए बैरक, क्लासरूम, शौचालय, स्नानागार और मेस जैसी सुविधाओं की समीक्षा कर समय पर कार्य पूर्ण करने को कहा।















