मुजफ्फरनगर। जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से थाना साइबर क्राइम मुजफ्फरनगर की ओर से व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना साइबर क्राइम टीम द्वारा एस.एम. डिग्री कॉलेज, पुरकाजी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधन की ओर से पुलिस टीम का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इसके पश्चात प्र0नि0 सुल्तान सिंह एवं उ0नि0 गौरव कुमार सहित पुलिस टीम ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर अपराधों के विभिन्न रूपों जैसे ऑनलाइन फ्रॉड,
सोशल मीडिया पर धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग, फिशिंग, इंस्टाग्राम फ्रॉड, ऑनलाइन गेमिंग और एपीके फाइल से जुड़े खतरों के बारे में जानकारी दी। साथ ही इनसे बचाव के लिए सावधानियां जैसे सुरक्षित पासवर्ड का उपयोग, अज्ञात लिंक पर क्लिक न करना, व्यक्तिगत जानकारी व ओटीपी साझा न करना तथा संदिग्ध कॉल या मैसेज से सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस टीम ने उपस्थित लोगों को ‘डिजिटल अरेस्ट’ की सच्चाई से भी अवगत कराया और बताया कि पुलिस कभी भी किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती है, न ही वीडियो कॉल के माध्यम से गिरफ्तारी की जाती है। यदि कोई ऐसा प्रयास करे तो तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच साइबर जागरूकता पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
















