मुज़फ्फरनगर के मैपल्स एकेडमी बुढाना में विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस 2025 के अवसर पर एक जन-जागरूकता कार्यक्रम और कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमलकिशोर देशभूषण के निर्देशन में तथा सामाजिक वानिकी प्रभाग के प्रभागीय निदेशक राजीव कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ राजीव कुमार ने किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान डॉ राजीव कुमार ने बताया कि विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस हमारे पारिस्थितिक तंत्र, जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने की आवश्यकता पर बल देता है। उन्होंने छात्रों को पर्यावरणीय क्षति को रोकने, स्थायी जीवनशैली (LiFE) अपनाने और पर्यावरण-अनुकूल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।डॉ राजीव ने बताया कि इस वर्ष की थीम “प्रौद्योगिकी और सतत प्रथाओं के माध्यम से प्रकृति के निकट आना” है। इसके अंतर्गत संरक्षण के लिए जीआईएस मैपिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्मार्ट निगरानी प्रणालियों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह पहल लोगों को प्रकृति से दोबारा जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।कार्यक्रम में “पर्यावरण के लिए जीवनशैली (LiFE)” अभियान पर भी चर्चा की गई, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने COP26 ग्लासगो में प्रस्तुत किया था। इस पहल का उद्देश्य छोटे लेकिन असरदार बदलाव लाकर पर्यावरण के संरक्षण में योगदान देना है, जैसे प्लास्टिक का उपयोग न करना, पानी व बिजली की बचत, साइकिल चलाना या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करना, और कचरे का पुनर्चक्रण करना।कार्यक्रम में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में वरेनियम, अतिफा, काव्यांश, वर्णिका, आशी, कार्तिक और अक्षय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिन्हें उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में मैपल्स एकेडमी की प्रधानाचार्य डॉ गरिमा वर्मा के नेतृत्व में विपिन कुमार और मोनिका त्यागी की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम ने छात्रों में प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।















