औरैया जिलाधिकारी डॉ० इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत ऋण आवेदन पत्रों की समीक्षा की। उन्होंने बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे लंबित ऋण आवेदन पत्रों की गहनता से जांच कर नियमानुसार ऋण स्वीकृत करें और स्वीकृत पत्र 19 फरवरी 2025 को आयोजित बैठक में लाभार्थियों को वितरित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार हेतु ऋण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रही है, जिससे वे अपने जीवन स्तर को ऊपर उठाते हुए प्रदेश और देश के विकास में योगदान कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आवेदकों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों में कोई कमी हो, तो बैंक शाखा प्रबंधक उसे शीघ्रता से सही करें, ताकि ऋण स्वीकृति में कोई देरी न हो। बैठक में लीड बैंक मैनेजर राजीव सिंह, उपायुक्त उद्योग दुर्गेश कुमार समेत विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रबंधक और उद्यमी उपस्थित थे।















