बांदा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अर्चना पटेल ने सर्किट हाउस सभागार में महिला जनसुनवाई आयोजित कर महिलाओं से जुड़ी घरेलू हिंसा, बालश्रम, दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह आदि समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। इससे पूर्व उन्होंने महोखर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया, जहां गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को पोषाहार, फल और पौष्टिक आहार किट वितरित की गईं।
उन्होंने पोषण ट्रैकर ऐप की जानकारी लेते हुए गोदभराई एवं अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराए। इसके बाद उन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय महोखर का निरीक्षण करते हुए कंप्यूटर कक्ष, स्मार्ट क्लास, मेस और हॉस्टल का जायजा लिया और बालिकाओं से संवाद कर शिक्षा एवं सुविधाओं पर संतोष जताया। महिला जनसुनवाई के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर योजनाओं का लाभ प्राथमिकता पर दिलाया जाए। पुलिस अधिकारियों को दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा जैसे मामलों में शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला थानाध्यक्ष को महिलाओं की समस्याओं का तुरंत समाधान करने तथा हरसंभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग को महिला एवं बाल अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने और जननी सुरक्षा एवं आयुष्मान योजना का लाभ समय से देने की बात कही। साथ ही सभी विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने और महिला आयोग के टोलफ्री नंबर का प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश भी दिए। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















