मुजफ्फरनगर में कृषि विभाग ने किसानों के लिए कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध कराया है। उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने बताया कि सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (SMAM), प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू तथा अन्य यंत्रीकरण योजनाओं के तहत कृषि यंत्रों और फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़े उपकरणों पर अनुदान के लिए ऑनलाइन बुकिंग 16 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक किसान 10 अगस्त 2026 की रात्रि 12 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। कृषि निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा जिले को कस्टम हायरिंग सेंटर, फार्म मशीनरी बैंक, कृषि ड्रोन, सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, जीरो टिल सीड कम फर्टिलाइजर ड्रिल, रीपर, स्ट्रा रीपर, रोटावेटर, कल्टीवेटर, ट्रैक्टर माउंटेड स्प्रेयर, पावर स्प्रेयर, पावर वीडर, मल्टी क्रॉप प्लांटर, आलू प्लांटर, मिनी राइस मिल, ऑयल मिल, पैकिंग मशीन, कंबाइन हार्वेस्टर विद सुपर एसएमएस, शुगरकेन प्लांटर, रेटून मैनेजर सहित अनेक आधुनिक कृषि यंत्रों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है।
किसान विभागीय पोर्टल agriculture.up.gov.in पर स्वयं या जनसेवा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय केवल आवेदक या उसके परिवार के रक्त संबंधी सदस्य, जैसे माता, पिता, भाई, बहन, पुत्र, पुत्री अथवा पुत्रवधू के मोबाइल नंबर का ही उपयोग किया जा सकेगा। कृषि विभाग ने किसानों से समय रहते आवेदन करने और योजना का लाभ उठाकर आधुनिक कृषि यंत्रीकरण अपनाने की अपील की है, जिससे खेती की लागत कम होने के साथ उत्पादन क्षमता बढ़ाई जा सके और फसल अवशेष प्रबंधन भी अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सके।























































