मुजफ्फरनगर। जनपद में पुलिस प्रशासन द्वारा अपराध और गुंडागर्दी के खिलाफ लगातार की जा रही सख्त कार्रवाई को लेकर अब समाजिक संगठनों ने भी सराहना शुरू कर दी है। हाल के दिनों में पुलिस की सक्रियता और सख्त रवैये के चलते जिले में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है तथा आम जनता के बीच सुरक्षा का माहौल बना है। इसी सराहनीय कार्य को देखते हुए एंटी करप्शन सर्विस ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने पुलिस अधिकारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
एंटी करप्शन सर्विस ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा, नव नियुक्त एसपी ग्रामीण अक्षय माहदिक और एसपी सिटी अमृत जैन को पटका पहनाकर तथा गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि जनपद में पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान से कानून व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। पुलिस की सक्रियता के कारण अपराधियों में भय का माहौल बना है और आम नागरिक खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
एंटी करप्शन सर्विस ट्रस्ट के जिला अध्यक्ष विक्की चावला ने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा निष्पक्ष और ईमानदारी से की जा रही कार्रवाई सराहनीय है। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध पर लगाम लगाने और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस लगातार मेहनत कर रही है, जिसका सकारात्मक प्रभाव समाज पर दिखाई दे रहा है। संगठन की ओर से पुलिस अधिकारियों का सम्मान कर उनके कार्यों की सराहना की गई है, ताकि भविष्य में भी पुलिस इसी तरह अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद पुलिस अधिकारियों ने एंटी करप्शन सर्विस ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी पुलिस पूरी निष्पक्षता और तत्परता के साथ कार्य करती रहेगी तथा अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
इस मौके पर संगठन के मंडल अध्यक्ष विपिन सिंगल, जिला अध्यक्ष विक्की चावला, जिला उपाध्यक्ष संजय गोस्वामी, जिला महामंत्री मौ. नदीम अंसारी, जिला सचिव रविकांत गोयला सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने पुलिस प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की बात कही।















