जिले के प्राथमिक विद्यालयों को जल्द ही शिक्षक मिलने वाले हैं। शासन की ओर से बेसिक शिक्षकों की भर्ती की विज्ञप्ति जारी की गई है। इसके तहत अल्मोड़ा जिले को 129 शिक्षक मिल पाएंगे। इस समय जिले में प्राथमिक शिक्षकों के 266 पद रिक्त चल रहे हैं।
जिले के कई प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है। इसके अलावा कई विद्यालय ऐसे हैं जहां एक शिक्षक के भरोसे काम चलाना पड़ रहा है। शिक्षकों के नहीं होने से बच्चों की बेसिक शिक्षा प्रभावित हो रही है। इससे लोग गांव छोड़कर अन्यत्र जाने को मजबूर हैं। वहीं, शिक्षकों के अभाव में बच्चों के एडमीशन नहीं होने से कई विद्यालय बंद हो चुके हैं। अब शासन ने जिले में 129 शिक्षकों की तैनाती को स्वीकृति दे दी है। इससे विद्यालयों में शिक्षकों की पूर्ति तो नहीं हो पाएगी, लेकिन कुछ हद तक हालात में सुधार होगा। जिला शिक्षाधिकारी बेसिक अत्रेष सयाना ने बताया कि शासन से विज्ञप्ति जारी हो गई है। जल्द ही भर्ती की प्रकिया शुरू होगी।















