मुज़फ्फरनगर की काशीराम आवासीय कॉलोनी में एक मुस्लिम महिला के खिलाफ मोहल्ले के लोगों ने विरोध जताया है। कॉलोनी के दर्जनों निवासी जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को ज्ञापन सौंपा, जिसमें महिला पर गंभीर आरोप लगाए गए। आरोप है कि महिला अवैध रूप से सरकारी आवास में किराए पर रह रही है और कॉलोनी में झगड़ा, गाली-गलौज तथा धार्मिक उन्माद फैलाने में संलिप्त है। स्थानीय निवासी रेनू ने बताया कि महिला का नाम बुसरा है और वह कई महीनों से कॉलोनी में रह रही है। मोहल्ले के लोग आरोप लगाते हैं कि बुसरा गाय को डंडे से मारती है, बच्चों को डराती है और गालियां देती है। मकान मालिक से शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।एक अन्य निवासी अजय पंडित ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जब कॉलोनी में पाकिस्तान मुर्दाबाद के बैनर लगे थे, तब महिला ने जानबूझकर उन पर ध्यान नहीं दिया और बाद में बैनर हटा दिए। उन्होंने बुसरा पर भारत-पाक तनाव के बीच पाकिस्तान के प्रति सहानुभूति दिखाने का आरोप लगाया। बुसरा कॉलोनी के मकान नंबर 23/266 में रहती है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि महिला के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाए और उसे कॉलोनी से निकाला जाए। साथ ही आरोप है कि बुसरा के बच्चे भी अन्य बच्चों से मारपीट करते हैं, जिससे इलाके में तनाव बना रहता है। कॉलोनी के लोग चाहते हैं कि इस समस्या का तुरंत समाधान हो।















