मुज़फ्फरनगर। मीरापुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान ककरौली की दो महिलाओं ने साहस और निडरता का परिचय देते हुए गोली के आगे खड़े होकर अपने वोट की रक्षा की थी। इन महिलाओं तौहीदा और तंजिला के इस संघर्ष को समाजवादी पार्टी ने लोकतंत्र बचाने की मिसाल बताया। इसी क्रम में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दोनों महिलाओं को “वोट रक्षक योद्धा” मानते हुए सम्मानित करने का निर्णय लिया और उनके लिए दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक भेजे। यह चेक पूर्व सांसद कादिर राणा ने ककरौली में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान सौंपे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष सादिक चौहान ने की और संचालन पूर्व विधानसभा अध्यक्ष मुन्ना ककराला ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कादिर राणा ने कहा कि आज वोट चोरी और लोकतंत्र की लूट को रोकने के आंदोलन की शुरुआत ककरौली की बहादुर महिलाओं ने की है। उनके संघर्ष ने पूरे प्रदेश में एक मिसाल कायम की है। इस मौके पर पूर्व मंत्री और सपा राष्ट्रीय सचिव राजकुमार यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट, प्रदेश सचिव विनय पाल और अब्दुल्ला राणा सहित कई नेताओं ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर किसी को तौहीदा और तंजिला जैसी हिम्मत दिखानी होगी।
कार्यक्रम में सपा नेता कुंवर देवेंद्र सिंह, बृजराज सैनी, सतीश गुर्जर, वसी अंसारी, अंसार आढ़ती, अलीम सिद्दीकी, डॉ इसरार अल्वी, दर्शन पाल, डॉ नरेश विश्वकर्मा, नासिर खान, संदीप पाल, चौधरी अजय कुमार, रजनीश यादव, डॉ हनी समाहत, ठाकुर राजेंद्र सिंह, सरदार प्रेमपाल सिंह, अजीम जैदी, हैप्पी गुर्जर, हाजी गुफरान समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। इस सम्मान समारोह ने ककरौली की महिलाओं के साहस को एक नई पहचान दी।
















