रूस-यूक्रेन युद्ध अब रुकने के बजाए बढ़ता जा रहा है. पुतिन को किसी का खौफ नहीं रोक पा रहा है. रूस हर उस देश से जंग लड़ने को तैयार हैं, जो यूक्रेन का साथ दे रहा है.ऐसे में यूक्रेन के पड़ोसी देश पौलेंड से रूस ने जंग का एक तरह का ऐलान कर दिया है. हालात इतने बिगड़ गए कि नाटो देशों में हाहाकार मचा है. आइए जानते हैं पूरी बात. द गार्जियन में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार देर रात रूसी ड्रोन पोलैंड की हवाई सीमा में घुसकर तांडव मचाया है. जिसके बाद पोलैंड की सेना ने जवाब देते हुण् रूसी ड्रोन को मार गिराया है.
रूसी ड्रोन ने पोलैंड में घुसकर किया हमला
पोलैंड के सशस्त्र बलों के ऑपरेशन कमांड ने कहा: “यूक्रेन के क्षेत्र में स्थित ठिकानों पर रूसी संघ द्वारा आज किए गए हमले के दौरान, ड्रोन जैसी वस्तुओं द्वारा हमारे हवाई क्षेत्र का बार-बार उल्लंघन किया गया… हम ज़ोर देकर कहते हैं कि सैन्य अभियान जारी है और हम लोगों से घर पर रहने का आग्रह करते हैं. सबसे ज़्यादा ख़तरा पोडलास्की, माज़ोवीकी और लुबेल्स्की वोइवोडीशिप में है.” जिसके बाद से यूरोप में तनाव चरम पर है. पोलैंड की सेना ने बताया, “रूस के यूक्रेन पर हमले के दौरान ड्रोन जैसे ऑब्जेक्ट्स ने हमारी हवाई सीमा का उल्लंघन किया है.
अमेरिका ने किया विरोध
अमेरिका में डेमोक्रेटिक सीनेटर डिक डर्बिन ने कहा कि रूसी ड्रोन द्वारा नाटो वायु क्षेत्र का बार-बार उल्लंघन इस बात का संकेत है कि “व्लादिमीर पुतिन पोलैंड और बाल्टिक देशों की रक्षा के हमारे संकल्प की परीक्षा ले रहे हैं.” उन्होंने एक्स पर कहा, “यूक्रेन में पुतिन के लगातार बढ़ते नरसंहार के बाद इन घुसपैठों को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता.” यह कथित घुसपैठ पोलैंड के नवनिर्वाचित राष्ट्रवादी राष्ट्रपति करोल नवरोकी द्वारा चेतावनी दिए जाने के एक दिन बाद हुई है कि रूसी नेता व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में युद्ध शुरू करने के बाद और देशों पर आक्रमण करने के लिए तैयार हैं.
रडार और एयर डिफेंस सिस्टम को हाई अलर्ट
यूक्रेन ने पहले ही ड्रोन के बारे में चेतावनी दे दी थी, जिसके बाद पोलैंड ने अपने और नाटो के लड़ाकू विमानों को तैनात कर दिया है. रडार और एयर डिफेंस सिस्टम को हाई अलर्ट पर रखा हुआ है और कुछ हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. पोलिश रक्षा मंत्री, सेज़री टॉम्ज़िक ने कहा, “पोलैंड गणराज्य की सीमा का उल्लंघन करने और उसे पार करने वाली वस्तुओं को निष्क्रिय करने के लिए एक अभियान चल रहा है.
बेलारूस सीमा पर पोलैंड का बड़ा फैसला
इसके पहले पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने रूस और बेलारूस के “जैपड सैन्य अभ्यास” को “आक्रामक” बताते हुए गुरुवार से बेलारूस के साथ सीमा बंद करने का ऐलान किया था. टस्क ने कहा, “रूस और बेलारूस की उकसावे वाली हरकतों का जवाब देना जरूरी है.” पोलैंड के राष्ट्रपति करोल नवरॉकी ने चेतावनी दी, “व्लादिमीर पुतिन की मंशा पर भरोसा नहीं किया जा सकता. वह अन्य देशों पर भी हमला कर सकता है.”
अमेरिका और यूरोप में रूस पर नए प्रतिबंधों की तैयारी
अमेरिकी सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंथल ने रूस के तेल खरीदने वाले देशों, जैसे चीन, भारत और ब्राजील, पर “कड़े सेकेंडरी प्रतिबंध” लगाने का बिल पेश किया है. उन्होंने एनपीआर से कहा, “पुतिन ने अमेरिका को ठगा है, अब कार्रवाई का समय है.” डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह रूस पर और प्रतिबंध लगाने को तैयार हैं, बशर्ते यूरोपीय संघ भी साथ दे. यूरोप 19वें दौर के प्रतिबंधों की तैयारी में है.















