जैसलमेर के बाद बाड़मेर में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर से टक्कर के बाद स्कॉर्पियो में बैठे चार लोगों की जलकर दर्दनाक मौत

राजस्थान में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जैसलमेर के बाद अब बाड़मेर जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना ने चार जिंदगियों को छीन लिया। यह दर्दनाक हादसा तब हुआ जब सिणधरी से गुड़ामालानी की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो कार की आमने-सामने से आ रहे ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो में आग लग गई और देखते ही देखते वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया। स्कॉर्पियो में सवार चार लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया जिसे तत्काल जोधपुर के अस्पताल रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें फंसे लोग बाहर नहीं निकल पाए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। राहत टीम ने बमुश्किल आग पर काबू पाया और शवों को वाहन से बाहर निकाला। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल बेहद गमगीन हो गया।

पुलिस ने मृतकों की पहचान करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं और परिजनों को सूचित किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हादसा तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग की वजह से हुआ। इस भीषण टक्कर के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति-नियंत्रण और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts