मुजफ्फरनगर में घरेलू गैस सिलेंडर की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार ने बताया कि सहारनपुर मंडल के आयुक्त के निर्देशों और वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस लाइन सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ–साथ इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधि तथा जिले के सभी गैस वितरक शामिल हुए।बैठक में गैस सिलेंडर की बुकिंग और वितरण व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। निर्देश दिए गए कि गैस वितरक उपभोक्ताओं को बैकलॉग के आधार पर सिलेंडर की आपूर्ति करें और गोदामों पर स्पष्ट रूप से यह जानकारी प्रदर्शित करें कि किस तारीख की बुकिंग के अनुसार वितरण किया जा रहा है। प्रशासन ने होम डिलीवरी को प्राथमिकता देने पर जोर दिया, ताकि गोदामों पर भीड़ कम हो और लोगों में किसी तरह की घबराहट की स्थिति न बने।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यदि किसी उपभोक्ता द्वारा गैस प्राप्त करने के लिए अनावश्यक दबाव बनाया जाता है या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गैस वितरकों को पूरी सुरक्षा देने का आश्वासन भी दिया गया है। जिले के सभी थानों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं।तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (आपूर्ति और वितरण) संशोधन आदेश-2026 के तहत यह भी स्पष्ट किया गया कि जिन उपभोक्ताओं के पास पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और एलपीजी दोनों कनेक्शन हैं, उन्हें एक कनेक्शन वापस करना होगा। ऐसे लोगों से अपील की गई है कि वे तुरंत एक कनेक्शन सरेंडर करें और एलपीजी की बुकिंग न कराएं, ताकि अन्य उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल सके।गैस एजेंसियों को अपने गोदाम और प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं, जो बिजली जाने पर भी चालू रहें। इससे किसी भी तरह की अव्यवस्था या अनियमितता पर नजर रखी जा सकेगी।
इसके अलावा कालाबाजारी, मुनाफाखोरी और घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए प्रशासन ने विशेष टीमों का गठन किया है, जो लगातार निरीक्षण और छापेमारी करेंगी।प्रशासन ने यह भी बताया कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे गैस बुकिंग और ई–केवाईसी की प्रक्रिया मोबाइल एप या हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से घर बैठे ही पूरी करें। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों ने इसके लिए अलग–अलग नंबर और एप उपलब्ध कराए हैं।अंत में प्रशासन ने चेतावनी दी कि यदि किसी गैस वितरक की कालाबाजारी में संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग होटल, ढाबों या अन्य व्यावसायिक स्थानों पर न हो। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।















