मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर आज प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। एडीएम फाइनेंस गजेंद्र सिंह, सीओ सिटी राजू साव और सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने आज शहर के प्रमुख कांवड़ मार्गों का पैदल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिव चौक से नावेल्टी चौराहा, अस्पताल चौराहा, कच्ची सड़क, मदनी चौराहा व बझेड़ी अंडरपास तक एक-एक बिंदु का गहनता से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था, विद्युत पोलों की कवरिंग, रोशनी, बैरिकेडिंग और जल निकासी जैसी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीएम फाइनेंस गजेंद्र सिंह ने सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी, नगर पालिका, पुलिस समेत अन्य विभागों को निर्देश दिए कि शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी कार्य समय-सीमा के भीतर पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, नगरपालिका चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप और ईओ प्रज्ञा सिंह के साथ मिलकर यात्रा मार्ग की तैयारियों का मूल्यांकन किया।
सीओ सिटी राजू साव ने भी साफ किया कि यह धार्मिक यात्रा है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें। एडीएम फाइनेंस ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता शिवभक्तों की सुरक्षा और सुविधा है, और सभी तैयारियां इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर की जा रही हैं।















