बकरीद पर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील, प्रशासन ने जारी किए दिशा-निर्देश

मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। अधिकारियों ने सभी से बकरीद का पर्व शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में न की जाए तथा कुर्बानी खुले स्थानों पर करने से बचा जाए। उन्होंने कहा कि सभी लोग एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें और कोई नई परंपरा शुरू करने का प्रयास न करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुजफ्फरनगर की पहचान आपसी सहयोग और भाईचारे से है, इसलिए इस परंपरा को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि कुर्बानी के अवशेष इधर-उधर न फेंके जाएं और नालियों में रक्त प्रवाहित न किया जाए। इसके लिए गड्ढा खोदकर रक्त और अवशेषों को दबाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को देने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ईद से पहले सफाई व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाए और पेयजल आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए जनरेटर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। विद्युत विभाग को भी बिजली आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि मस्जिदों और ईदगाहों तक जाने वाले रास्तों की स्थिति ठीक रखी जाए तथा सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें ताकि पर्व सकुशल संपन्न हो सके।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कहा कि ईद की नमाज केवल ईदगाह या मस्जिद परिसर में ही अदा की जाए और सड़क पर नमाज न पढ़ी जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि पूरे जनपद में सीसीटीवी कैमरों और पुलिस निगरानी की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने लोगों से ऐसी किसी भी गतिविधि से बचने की अपील की जिससे माहौल खराब होने की आशंका हो। बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts