मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के आदेशों के अनुपालन में थाना कोतवाली क्षेत्र के जोन-4 में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में रामपुर गांव में तीन अलग-अलग स्थानों पर लगभग 30 बीघा भूमि पर अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया।
रामपुर गांव में 06 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी, जिसे ध्वस्त कर दिया गया। इसी तरह, सहारनपुर रोड स्थित 18 बीघा भूमि और एक अन्य स्थान पर 06 बीघा भूमि में बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। इन सभी स्थानों पर विकास प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई करते हुए निर्माण को गिरा दिया।
इस अवैध प्लॉटिंग को लेकर प्राधिकरण द्वारा पहले ही नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन भू-स्वामियों ने अवैध निर्माण नहीं हटाया था। चालानी कार्रवाई के बाद भी जब निर्माण जारी रहा, तो प्राधिकरण ने ध्वस्तीकरण के आदेश दिए और उन्हें आज अमल में लाया गया।
ध्वस्तीकरण की इस कार्रवाई में विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्राधिकरण की टीम और संबंधित थाने की पुलिस मौजूद रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।















