मुजफ्फरनगर में आगामी ईद की नमाज को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ईदगाह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह, एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत और ईओ नगर पालिका डॉ. प्रज्ञा सिंह ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान शहर काजी तनवीर आलम, मुफ्ती जुल्फिकार और गोहर सिद्दीकी भी मौजूद रहे और उन्होंने ईदगाह से जुड़ी व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ईदगाह परिसर की साफ-सफाई, पानी की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और नमाजियों की आवाजाही के मार्गों का बारीकी से निरीक्षण किया। वहीं, ईदगाह के आसपास की सड़कों की स्थिति को देखते हुए ईओ नगर पालिका को तत्काल गड्ढों के पेचवर्क कराने के निर्देश दिए गए, ताकि नमाज के दौरान आने-जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ईदगाह कमेटी के सदस्यों ने भी निरीक्षण के दौरान कुछ कमियों और समस्याओं की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए एडीएम और एसपी सिटी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ईद के मौके पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले दुरुस्त कर ली जाएंगी।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया। निरीक्षण के समय सीओ सिटी सिद्धार्थ कुमार मिश्रा के साथ दोनों थानों की पुलिस फोर्स भी मौजूद रही। अधिकारियों ने सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील बिंदुओं की पहचान कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।प्रशासन का कहना है कि ईद का त्योहार आपसी भाईचारे और शांति का प्रतीक है, इसलिए सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।















