राजगढ़ (अलवर)। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विशाल बंसल वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम के तहत बुधवार को राजगढ़ थाना पहुंचे। उनके आगमन पर पुलिस अधिकारियों ने स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान एडीजी विशाल बंसल ने थाना परिसर में स्थित सभी कार्यालयों, अभिलेखों, मालखाना, हवालात, सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की उपस्थिति, ड्यूटी चार्ट, साफ-सफाई और आमजन से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान राजगढ़ डीएसपी मनीषा मीना और थानाधिकारी राजेश मीना को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एडीजी ने कहा कि अपराधों की रोकथाम के लिए सतत गश्त, त्वरित कार्रवाई और आमजन के साथ बेहतर संवाद अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने की सलाह दी।
एडीजी विशाल बंसल ने राजगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों और अपराध नियंत्रण के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम वर्क और समयबद्ध कार्रवाई से ही कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र की कानून व्यवस्था, अपराध के आंकड़े और भविष्य की रणनीति को लेकर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक का पुष्प गुच्छ भेंट कर तथा प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान किया। सामाजिक संगठनों ने पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय कांबले शरण गोपीनाथ, प्रशिक्षु आईपीएस शिवानी, एएसपी डॉ. प्रियंका सहित राजगढ़, रैणी और टहला थाना क्षेत्र का पुलिस जाप्ता उपस्थित रहा। निरीक्षण के अंत में एडीजी ने पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनके सुझाव भी सुने और बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रेरित किया।















