शाहपुर क्षेत्र के गांव रसूलपुर जाटान के युवा वुशू खिलाड़ी अभिषेक बालियान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। अभिषेक ने रूस की राजधानी मास्को में 1 से 5 जून तक आयोजित मास्को वुशू स्टार इंटरनेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता में दुनिया भर के कई देशों के खिलाड़ी शामिल हुए, लेकिन अभिषेक ने अपने जुझारू खेल के दम पर सबका ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने शुरूआती दौर में कजाकिस्तान और बेलारूस के खिलाड़ियों को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में रूस के खिलाड़ी से कड़ी टक्कर के बावजूद अभिषेक थोड़े अंतर से पीछे रह गए और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।अभिषेक के इस सफर में उनकी मेहनत और तैयारी का बड़ा योगदान रहा। प्रतियोगिता से पहले उनका चयन राष्ट्रीय स्तर पर हुआ, जिसके तहत उन्होंने 15 से 30 मई तक पंजाब के पटियाला स्थित साईं सेंटर में इंडिया कैंप में भाग लिया। इस कैंप में देश के प्रमुख कोचों और अनुभवी खिलाड़ियों की निगरानी में उन्हें उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण और फिटनेस पर विशेष फोकस करने का अवसर मिला। अभिषेक ने बताया कि इस शिविर से उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला, जिससे उनके प्रदर्शन में निखार आया।अभिषेक ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता–पिता, परिवार और कोच को दिया है। उन्होंने कहा कि यदि उनके परिजनों का सहयोग, कोच का मार्गदर्शन और दोस्तों का उत्साहवर्धन न होता, तो यह सफलता इतनी आसानी से नहीं मिलती। उनके इस शानदार प्रदर्शन से न केवल उनके गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर है, बल्कि देशभर के खेलप्रेमियों को भी उन पर गर्व है। अभिषेक की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर दमदार प्रदर्शन कर सकते हैं, बशर्ते उन्हें सही दिशा और अवसर मिले।















