सावन के सोमवार को मंदिर से लौट रही युवती को तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, मौत; दो गंभीर

औरैया जनपद में सावन के तीसरे सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवती की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नेशनल हाईवे-19 पर साईं मंदिर के पास सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे हुआ। इटावा जनपद के ताले का नगरा निवासी 18 वर्षीय पलक अपने रिश्तेदार राजा और पूनम के साथ देवकली मंदिर में दर्शन कर गांव लौट रही थी। जैसे ही वे साईं मंदिर के समीप पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को आनन-फानन में 50 सैया जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान पलक ने दम तोड़ दिया। जबकि राजा और पूनम की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है।

इस हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया गया कि पलक रविवार को ही अपनी नानी के घर आई थी और सोमवार को देवकली मंदिर के दर्शन के बाद वापस गांव लौट रही थी कि यह हादसा हो गया। खुशियों के बीच अचानक आए इस दुखद हादसे ने पूरे परिवार को गम में डुबो दिया।

पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में छानबीन शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों की मानें तो नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण इस क्षेत्र में हादसे आम हो गए हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। इस हादसे के बाद लोगों में नाराजगी और प्रशासन से कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts