हाजीपुरा में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, डेरी संचालक समेत कई घायल, पुलिस जांच में जुटी

मुज़फ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत हाजीपुरा मोहल्ले में बुधवार देर शाम एक मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच पहले गाली-गलौज हुई, जो देखते ही देखते पथराव और मारपीट में तब्दील हो गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी पक्ष के लोग हथियारों और चाकू के साथ पथराव करते तथा अभद्र भाषा का प्रयोग करते नजर आ रहे हैं।झगड़े में एक पक्ष के दो से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित सद्दाम ने बताया कि विवाद के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके पिताजी के साथ मारपीट की और जब उनके बड़े भाई बीच-बचाव के लिए आए, तो 10–15 लोगों ने उन्हें घेरकर बुरी तरह पीटा। हमले में उनके चेहरे पर ईंट लगने से गहरी चोटें आईं। सद्दाम ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने धारदार चाकू से भी उन पर हमला किया और उनकी दूध डेरी में घुसकर तोड़फोड़ की। यही नहीं, हमलावरों ने उनके घर पर भी पत्थरबाजी की, जिसमें परिवार की महिलाएं घायल हो गईं।घटना की पुष्टि AIMIM पश्चिम प्रदेश सचिव दीन मोहम्मद ने भी की है। उन्होंने बताया कि पार्टी के ज़िला महासचिव शकील अब्बासी, जो सरवत हाजीपुरा क्षेत्र में डेरी चलाते हैं, उनके साथ यह हिंसक घटना घटित हुई है। उन्होंने दावा किया कि डेरी को क्षतिग्रस्त करने के साथ-साथ आरोपियों ने शकील के परिजनों को भी बेरहमी से पीटा। साथ ही पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पीड़ित पक्ष न्याय के लिए थाने पहुंचा, तो कार्रवाई की बजाय पुलिस ने घायल के भाई को ही हिरासत में ले लिया, जिससे लोगों में आक्रोश है।फिलहाल, पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और मोहल्ले में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्थानीय लोग निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts