मुजफ्फरनगर नगर पालिका मैदान से “एक राष्ट्र, एक चुनाव” के समर्थन में एक विशाल पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा नगर पालिका परिसर से प्रारंभ होकर भगत सिंह रोड, सराफा बाजार एवं शिव चौक से होते हुए पुनः नगर पालिका परिसर पर आकर संपन्न हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री संजीव बालियान ने भाग लिया। अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने की। वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप, पूर्व विधायक अशोक कंसल, नगर पालिका के सभासद, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता इस आयोजन में उपस्थित रहे। पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य देश में चुनाव सुधारों के लिए समर्थन जुटाना और आम जनता को “एक राष्ट्र, एक चुनाव” की आवश्यकता और लाभों से अवगत कराना रहा। नगरवासियों ने भी इस पदयात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस राष्ट्रहित पहल का समर्थन किया। शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई यह पदयात्रा स्थानीय स्तर पर जन-जागरूकता फैलाने में सफल रही और जनता में एक सकारात्मक संदेश छोड़ गई। आयोजन को नगर इकाई भाजपा द्वारा संयोजित किया गया।















