होली चाइल्ड कॉलेज में ओडिसी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति,

मुजफ्फरनगर। स्पिक मैके मुजफ्फरनगर चैप्टर के तत्वावधान में होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा के सभागार में भारतीय शास्त्रीय कला एवं संस्कृति से विद्यार्थियों को जोड़ने के उद्देश्य से ओडिसी नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अंतरराष्ट्रीय ओडिसी नृत्य कलाकार प्रभात कुमार सवाई एवं उनके दल ने शानदार प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्राओं उम्मेहानि एवं अवनी ने आत्मविश्वास और प्रभावशाली अंदाज में किया।

मुख्य कलाकार प्रभात कुमार सवाई ने मंगलाचरण में देवी स्तुति तथा दशावतार की प्रस्तुति के माध्यम से भगवान विष्णु के विभिन्न अवतारों को भाव-भंगिमाओं, हस्त मुद्राओं और नृत्य तकनीकों से जीवंत कर दिया। इसके बाद मधुराष्टकम् और मोक्ष नृत्य की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने वातावरण को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक ऊर्जा से भर दिया। स्वागतिका साहू ने वसंत पल्लवी की मनमोहक प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं।कार्यक्रम में रोहित कुमार प्रधान ने मर्दल, ऋतिक पात्रा ने शास्त्रीय गायन तथा विश्वजीत प्रधान ने बांसुरी वादन से अपनी कला का प्रदर्शन किया। संगीत और नृत्य के सुंदर समन्वय ने विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय कला की समृद्ध परंपरा से रूबरू कराया।

स्पिक मैके के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधा मोहन तिवारी ने संस्था के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय शास्त्रीय संगीत, नृत्य और लोक कलाओं को युवाओं से जोड़ना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। कलाकार प्रभात कुमार सवाई ने विद्यार्थियों को ओडिसी नृत्य की उत्पत्ति, मुद्राओं, ताल, लय और तकनीकों की जानकारी देते हुए उनसे विभिन्न मुद्राओं का अभ्यास भी कराया।प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने कलाकारों और स्पिक मैके का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उन्हें भारतीय संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts