मुजफ्फरनगर। जनपद में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा मिशन शक्ति अभियान के तहत संचालित केंद्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने थाना मीरापुर स्थित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध अभिलेखों का गहनता से अवलोकन किया और वहां संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी जानसठ, थाना प्रभारी मीरापुर तथा मिशन शक्ति केंद्र पर नियुक्त पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध ने मिशन शक्ति केंद्र पर आने वाली महिलाओं और बालिकाओं की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनका त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं को समय पर सहायता मिल सके। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि शिकायतों पर कार्रवाई के दौरान पीड़ितों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।पुलिस अधीक्षक अपराध ने केंद्र से संबंधित सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा उन्हें व्यवस्थित ढंग से संधारित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने महिला सुरक्षा से संबंधित शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करने और मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा के उपायों और शासन द्वारा संचालित महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जागरूक करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि मिशन शक्ति केंद्र महिलाओं और बालिकाओं के लिए सहायता एवं सुरक्षा का भरोसेमंद माध्यम बने। पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें, जिससे महिलाओं को अपनी समस्याएं बताने और सहायता प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण का उद्देश्य केंद्र की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाना और महिला सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी करना रहा।















