मुजफ्फरनगर। जनपद में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सुचारू, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को तीन शिफ्टों में विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में 26 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2026 तक आयोजित प्रथम शिफ्ट का प्रशिक्षण बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
प्रशिक्षण के अंतिम दिन अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए डिजिटल और भौतिक माध्यमों से दी जा रही ट्रेनिंग की समीक्षा की। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से सीधा संवाद कर जनगणना कार्य से संबंधित प्रक्रियाओं और उनकी व्यावहारिक समस्याओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही फील्ड में कार्य के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की।जिला जनगणना अधिकारी ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को निर्देश दिए कि वे जनगणना के दौरान पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और सटीकता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े महत्वपूर्ण राष्ट्रीय योजनाओं और विकास कार्यों के लिए उपयोगी होते हैं, इसलिए प्रत्येक स्तर पर सावधानी बरतना आवश्यक है।
प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, जनगणना कर्मियों के प्रशिक्षण की दूसरी शिफ्ट 4 नवंबर से 6 नवंबर 2026 तक तथा तीसरी शिफ्ट 12 नवंबर से 14 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। इन प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि गणना कार्य के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो।जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि जनगणना कर्मियों के घर या क्षेत्र में पहुंचने पर उन्हें सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं। प्रशासन ने इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने के लिए सभी नागरिकों से सहयोग करने का आह्वान किया है।















