प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार दोपहर वाराणसी के नमो घाट से भारतीय वायुसेना के एयर शो का नजारा देखा। वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर आसमान में शौर्य और पराकम का दृश्य देखने को मिल रहा है।विंग्स ओवर गंगा के थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम को देखने के लिए काशी की जनता उमड़ पड़ी है। एयर शो में सुखोई, राफेल, मिराज 2000, तेजस और मिग विमानों ने जबरदस्त हवाई करतब दिखा।
एयर शो में पीएम मोदी के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद हैं। आयोजन में भारतीय वायुसेना के विभिन्न विमानों की विविधता और समूह में उड़ान के तालमेल को दर्शाया गया।
लड़ाकू विमानों ने आसमान को सजाया
तेजस लड़ाकू विमान ने कम ऊंचाई पर करतब दिखाए। ये एक स्वदेशी हल्का लड़ाकू विमान है। इसके अलावा सुखोई 30 एमकेआई, राफेल, जगुआर, मिराज 2000 और मिग 29 सहित छह लड़ाकू विमानों ने काशी के आसमान को सजा दिया।
नौ सूर्य किरण विमानों ने बनाया तिरंगा
वायुसेना की सूर्य किरण टीम ने लोगों को आसमान से शुभकामनाएं देते हुए एयर शो का समापन किया। इससे पहले नौ सूर्य किरण विमानों ने आसमान में तिरंगा बनाया। इसके अलावा एआई से भी आकृति बनाई गई। वाराणसी की जनता को समर्पित करते हुए दिल की इमोजी भी बनाई गई।
राफेल की प्रचंड गर्जना सुनाई दी
वाराणसी के आसमान में राफेल विमानों की प्रचंड गर्जना भी सुनाई पड़ी। तीन राफेल विमानों ने नीलकंठ फार्मेशन बनाई। इसके बाद चार जगुआर विमानों ने पशुपति फार्मेशन बनाई। इन विमानों ने हीरे की आकृति बनाई। ये विमान कम ऊंचाई पर भी उड़ सकते हैं।















