UPSSSC PET 2026 परीक्षा का आयोजन आज यानी 25 अक्टूबर से शुरू हो गया है. यह परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर के साथ 1 नवंबर 2026 को भी आयोजित की जाएगी. परीक्षा के लिए राज्य के 60 शहरों में कुल 1,372 केंद्र बनाए गए हैं. पहले दिन लगभग 12 लाख उम्मीदवारों के परीक्षा में शामिल होने की उम्मीद है. अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड और आधार कार्ड ले जाना अनिवार्य है. साथ ही, उन्हें परीक्षा से संबंधित सभी दिशानिर्देशों का पालन करना होगा. परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
तीन दिनों में होगी पीईटी परीक्षा
UPSSSC की ओर से पीईटी 2026 का आयोजन तीन तारीखों पर छह पालियों में किया जाएगा.आयोग ने दो घंटे पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी है. परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले एंट्री गेट बंद कर दिए जाएंगे. सुबह की पाली में 9:30 बजे और दोपहर की पाली में 2:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को एंट्री नहीं मिलेगी.
एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड जरूरी
परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवारों को अपना एडमिट कार्ड और आधार कार्ड लेकर जाना अनिवार्य है. इसके अलावा पहचान पत्र की फोटोकॉपी भी साथ रखने की सलाह दी गई है. पारदर्शिता के लिए फोटो और आइरिस स्कैन से बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन होगा.परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, घड़ी, एटीएम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी. उम्मीदवारों को केवल नीले या काले बॉल पेन के साथ परीक्षा में शामिल होने की छूट दी गई है.
पीईटी परीक्षा में होगी नेगेटिव मार्किंग
पीईटी परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी और इसे हल करने के लिए दो घंटे का समय मिलेगा. परीक्षा में गलत आंसर देने पर एक चौथाई नंबर काटा जाएगा. नकल करने, अनुशासनहीनता या किसी अन्य अनुचित गतिविधि में शामिल होने पर अभ्यर्थी की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है.
इन विषयों से पूछे जाएंगे सवाल
प्रश्नपत्र में भारतीय इतिहास, राष्ट्रीय आंदोलन, भूगोल, अर्थव्यवस्था, संविधान, लोक प्रशासन, सामान्य विज्ञान, गणित, हिंदी, अंग्रेजी, तार्किक क्षमता, समसामयिक घटनाओं और सामान्य जागरूकता से सवाल पूछे जाएंगे. इसके अलावा हिंदी गद्यांश, ग्राफ और टेबल के विश्लेषण से जुड़े प्रश्न भी शामिल होंगे.
ग्रुप सी भर्तियों के लिए जरूरी है पीईटी
उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में ग्रुप सी के पदों पर भर्ती के लिए पीईटी एक प्रारंभिक चरण है. परीक्षा के स्कोर के आधार पर अभ्यर्थियों को संबंधित भर्तियों की मुख्य परीक्षा, स्किल टेस्ट या शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाता है. उम्मीदवारों को सलाह है कि वो अपने एडमिट कार्ड पर दिए गए परीक्षा केंद्र, समय और जरूरी निर्देशों को पहले ही ध्यान से पढ़ लें.















