मुजफ्फरनगर। मिशन शक्ति अभियान-6.0 के अंतर्गत तहसील सदर में विशेष पिंक समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें उप जिलाधिकारी शुभम श्रीवास्तव और क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार ने महिलाओं की समस्याओं एवं शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के कर्मचारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शासन के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना तथा उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान करना रहा। समाधान दिवस में उपस्थित शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया। अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए और पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध तरीके से राहत उपलब्ध कराई जाए।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी प्रावधानों तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। महिला सुरक्षा के लिए संचालित वूमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने महिलाओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित हेल्पलाइन का सहारा लेने तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस और प्रशासन को सूचना देने के लिए जागरूक किया।
इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया गया। उन्हें अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, ऑनलाइन धोखाधड़ी और व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी गई। पिंक समाधान दिवस के माध्यम से महिला सुरक्षा, शिकायतों के प्रभावी निस्तारण और अधिकारों के प्रति जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।















