मुजफ्फरनगर। तहसील बुढ़ाना के सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से आठ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।संपूर्ण समाधान दिवस में समाज कल्याण, चकबंदी, श्रम विभाग, विद्युत, भूमि विवाद, नगर पंचायत, राजस्व, पेंशन, सड़क तथा पुलिस प्रशासन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच करें और शिकायतकर्ता की समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी शिकायत का निस्तारण संभव नहीं है, तो उसके कारणों से शिकायतकर्ता को स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण, संतोषजनक और समयबद्ध निस्तारण किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का भी निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती जाए। अधिकारी मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता से फीडबैक लें और यह सुनिश्चित करें कि वह समाधान से संतुष्ट है। साथ ही, मौके पर की गई कार्रवाई के फोटो भी उपलब्ध कराए जाएं, ताकि निस्तारण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया, तहसीलदार भूपेंद्र सिंह, उपनिदेशक कृषि प्रमोद सिरोही, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















