बांदा । चिल्ला थाना क्षेत्र के बबिया गांव में एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में तिल की फसल झाड़ रहे 32 साल के किसान को जहरीले सांप ने डस लिया। सांप के जहर ने देखते ही देखते किसान की जान ले ली। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।जानकारी के अनुसार बबिया गांव निवासी अनुज द्विवेदी (32) पुत्र सत्यनारायण द्विवेदी बुधवार को अपने खेत में तिल की फसल की मड़ाई कर रहे थे। वह जमीन पर पन्नी बिछाकर तिल झाड़ रहे थे, तभी पन्नी के नीचे छिपे बैठे एक जहरीले सांप ने अचानक उनके पैर में डस लिया। सांप के डसते ही अनुज वहीं बेहोश होकर गिर पड़े।
आसपास मवेशी चरा रहे ग्रामीणों ने उन्हें बेहोश देखा तो परिजनों को सूचना दी। परिजन भागते हुए खेत पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही जहर ने अपना असर दिखा दिया और उनकी सांसें थम गईं। अनुज की मौत की खबर सुनते ही पत्नी शालिनी बेसुध हो गई। घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं । 7 साल की बेटी पूर्वी और 2 साल का बेटा गोलू है। पिता का साया उठने से दोनों मासूम बेसहारा हो गए। सूचना पर चिल्ला थाना प्रभारी आनंद साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता दी जाए।














