मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के बैनर तले बुधवार को जीआईसी मैदान में किसानों की महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार से उनके समाधान की मांग की गई। इस दौरान संगठन की ओर से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा गया। किसानों ने बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर नाराजगी जताते हुए नलकूपों के लिए पर्याप्त और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। किसानों का कहना था कि खेती पूरी तरह सिंचाई पर निर्भर है और बिजली की समस्या के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
महापंचायत में 24 सितंबर को हुए रोहन राठी हत्याकांड का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। भाकियू तोमर ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा भोपा रोड स्थित पेपर मिलों से होने वाले वायु प्रदूषण पर रोक लगाने की मांग भी किसानों ने उठाई। किसानों ने कहा कि प्रदूषण से आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों के साथ-साथ खेती और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। महापंचायत में किसान हितों से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई और संगठन ने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए आंदोलन को आगे बढ़ाने की बात कही।
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। खतौली ब्लॉक सचिव पिंकू पाल भी महापंचायत में मौजूद रहे। किसानों ने एकजुट होकर ‘किसान बचाओ, देश बचाओ’ के नारे लगाए और सरकार से किसान हित में ठोस कदम उठाने की मांग की।
















