मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे के दौरान मेरठ से दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते मुजफ्फरनगर पहुंचे। यहां पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। हाईवे पर कार्यकर्ताओं की भीड़ और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात अधिक होने के कारण नितिन नवीन अपनी गाड़ी से नीचे नहीं उतरे। उन्होंने वाहन से ही बाहर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और स्वागत के लिए पहुंचे सभी लोगों का आभार जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया और उन्होंने नारे लगाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।
मीडिया से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा कि वह पिछले दो दिनों से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं के उत्साह और जोश की सराहना करते हुए कहा कि इस ऊर्जा को देखकर उन्हें विश्वास है कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार भी व्यक्त किया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने बताया कि नितिन नवीन ने सोमवार रात मेरठ में प्रवास किया था और मंगलवार को मुजफ्फरनगर होते हुए सहारनपुर के लिए रवाना हुए। सहारनपुर में वह कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस दौरान राहुल गांधी को लेकर संजीव बालियान ने राजनीतिक तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से भाजपा को कोई खतरा नहीं है, बल्कि कपिल शर्मा को खतरा है। उन्होंने राहुल गांधी के बयानों को लेकर ‘कपिल शर्मा कॉमेडी शो’ के दूसरे पार्ट से जोड़ते हुए कटाक्ष किया।
राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि नितिन नवीन और पंकज चौधरी के मुजफ्फरनगर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं, किसानों और पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के पश्चिमी उत्तर प्रदेश दौरे से संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है।















