नीम करौली बाबा के जीवन और शिक्षाओं पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ खूब चर्चा में है. क्या आम क्या खास हर कोई इस डिवोशनल ड्रामा की तारीफ कर रहा है. कंगना रनौत से हेमा मालिनी तक कई सेलेब्स ने इस फिल्म को देखने की अपील की है. इसी के साथ ये बॉक्स ऑफिस पर हर दिन करोड़ों कमा रही है. इन सबके बीच ‘हनुमान अंश’ का पार्ट 2 भी कंफर्म हो चुका है. वहीं अब खबरें फैली हुए हैं कि ‘हनुमान अंश’ के सीक्वल में बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और उनके क्रिकेटर पति विराट कोहली भी नजर आ सकते हैं. ऐसे में फिल्म की प्रोड्यूसर ने इन खबरों का सच बताया है.
‘हनुमान अंश 2’ में कैमियो करेंगे अनुष्का-विराट?
‘हनुमान अंश’ की प्रोड्यूसर नम्रता सिंह ने फिल्म के दूसरे पार्ट में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के कैमियो रोल में दिखने की संभावना जताई है. हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि इस फिल्म को हमेशा से एक ट्रिलॉजी (तीन फिल्मों की सीरीज़) के तौर पर प्लान किया गया था, जिसमें हर पार्ट कहानी के एक अलग पहलू को दिखाएगा. नम्रता ने आगे कहा कि दूसरा पार्ट इस बात पर फोकस करेगा कि नीम करौली बाबा की आध्यात्मिक ऊर्जा दुनिया भर के लोगों तक कैसे पहुंची.
दरअसल बॉलीवुड हंगामा के साथ बातचीत में, ‘हनुमान अंश’ की प्रोड्यूसर नम्रता सिंह से पूछा गया था कि क्या विराट कोहली और अनुष्का शर्मा जैसे सेलेब्रिटी फिल्म के दूसरे पार्ट में कैमियो कर सकते हैं. इस पर नम्रता ने कहा, “मैंने उनमें से कुछ लोगों से कॉन्टेक्ट किया है, और उन्हें फिल्म के बारे में पहले से ही जानकारी थी.” बता दें कि विराट और अनुष्का का नीम करौली बाबा के साथ गहरा आध्यात्मिक जुड़ाव है और वे कई बार उनके कैंची धाम आश्रम जा चुके हैं.
क्या होगी दूसरे और तीसरे पार्ट की कहानी?
उन्होंने आगे बताया कि कहानी को दुनिया भर में फैलाने से पहले वह भारतीय भक्तों पर ध्यान देना चाहती हैं. नम्रता ने कहा, “भारत में ऐसे हजारों भक्त हैं जिनकी लाइफ को उन्होंने प्रभावित किया, और यकीनन वे सबसे पहले आते हैं. कैंची की कहानी भारतीय भक्तों के बारे में है. तीसरी फिल्म इस बात पर फोक्स्ड होगी कि कैसे उन्होंने विदेशियों चाहे वह स्टीव जॉब्स हों, मार्क जुकरबर्ग हों, ट्विटर के फाउंडर जैक डॉर्सी हों, जूलिया रॉबर्ट्स हों, में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करके भारत को ग्लोबल मैप पर स्थापित किया.”
‘हनुमान अंश 2’ बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट
‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त को रिलीज हुई थी, लेकिन शुरुआती 2 हफ्तो में ये बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म नहीं कर पाई थी. फिर तीसरे हफ़्ते में इसने रफ़्तार पकड़ी. नीम करौली बाबा के भक्तों के जबरदस्त सपोर्ट और और पॉजिटव वर्ड ऑफ माउथ की वजह से ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस लूट लिया है. 1.8 करोड़ की लागत में बनी इस फिल्म ने रिलीज के 34 दिनों में 153.13 करोड़ रुपये की नेट कमाई कर डाली है.























































