बांदा। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण के निर्देश पर अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन दहन के तहत जनपद बांदा में बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में थाना फतेहगंज में बरामद अवैध शराब का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया गया। यह कार्यवाही क्षेत्राधिकारी अतर्रा प्रतिज्ञा की मौजूदगी में सभी आवश्यक विधिक प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए की गई। थाना फतेहगंज में आबकारी अधिनियम के तहत पंजीकृत कुल 43 अभियोगों से संबंधित लगभग 62,000 रुपये कीमत की 675 क्वार्टर देशी शराब और 119 लीटर कच्ची शराब को जेसीबी से नष्ट कराया गया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि डीजीपी यूपी के निर्देश पर पूरे प्रदेश में ऑपरेशन दहन चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य थानों में बरामद शराब के रूप में जमा माल का नियमानुसार निस्तारण करना है। उन्होंने कहा कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। किसी भी सूरत में अवैध शराब कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा।























































