मुजफ्फरनगर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए विशेष बजट की मांग, ऊर्जा मंत्री से मिले कपिल देव अग्रवाल

मुजफ्फरनगर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने लखनऊ स्थित ऊर्जा भवन में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से शिष्टाचार भेंट कर जनपद के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मुजफ्फरनगर के सुनियोजित विकास, विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विशेष बजट वृद्धि की मांग उठाई।

बैठक में कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुजफ्फरनगर में तेजी से शहरीकरण और औद्योगिक विस्तार हो रहा है, जिसके चलते आधारभूत ढांचे को आधुनिक स्वरूप देना समय की आवश्यकता बन गया है। उन्होंने ऊर्जा मंत्री के समक्ष शहर की प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण, नई सड़कों के निर्माण, जल निकासी व्यवस्था को अत्याधुनिक बनाने तथा शहर में अंडरग्राउंड विद्युत लाइनों के विस्तार का प्रस्ताव रखा। साथ ही आधुनिक स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रदेश के शहरों को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा मुजफ्फरनगर को भी विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

बैठक के दौरान कपिल देव अग्रवाल ने आईटीआई के समीप निर्माणाधीन 132 केवी विद्युत उपकेंद्र के शिलान्यास कार्यक्रम के लिए ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को औपचारिक निमंत्रण भी दिया। उन्होंने बताया कि यह विद्युत उपकेंद्र जनपद की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और उद्योगों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों व आम उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।

इस अवसर पर कपिल देव अग्रवाल ने प्रदेश सरकार द्वारा स्मार्ट प्री-पेड मीटर व्यवस्था को समाप्त कर पोस्ट-पेड प्रणाली लागू करने के निर्णय पर ऊर्जा मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला लाखों विद्युत उपभोक्ताओं को राहत देने वाला जनहितकारी कदम है, जिससे उपभोक्ताओं को अधिक पारदर्शी और भरोसेमंद व्यवस्था का लाभ मिलेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि बिजली बिलों और विद्युत समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न क्षेत्रों में विशेष समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां विभागीय अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करेंगे। वहीं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मुजफ्फरनगर के विकास और विद्युत व्यवस्था से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनहित और पारदर्शिता के संकल्प के साथ जनता की समस्याओं के समाधान हेतु पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts