मुजफ्फरनगर बीएसए संदीप कुमार ने परिषदीय विद्यालयों का किया निरीक्षण, अर्धवार्षिक परीक्षाओं की तैयारियों का लिया जायजा

मुजफ्फरनगर में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने ब्लॉक सदर क्षेत्र के अंतर्गत संचालित परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित शैक्षिक सत्र 2025-26 की अर्धवार्षिक परीक्षाओं की तैयारियों का विस्तृत मूल्यांकन किया। यह परीक्षाएँ 10 से 15 दिसंबर 2025 तक आयोजित की जा रही हैं। प्रथम पाली में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षाएँ तथा कक्षा 6 से 8 तक बेसिक क्राफ्ट, संबंधित कला, गृह शिल्प और कृषि विषयों की परीक्षाएँ संचालित की जा रही हैं। वहीं, द्वितीय पाली में खेल एवं शारीरिक शिक्षा के साथ-साथ स्काउटिंग की गतिविधियाँ आयोजित हो रही हैं। बीएसए ने सभी प्रधानाध्यापकों और इंचार्ज शिक्षकों को निर्देशित किया कि परीक्षाओं को निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप सुचारू, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए।निरीक्षण के दौरान बीएसए ने चार प्रमुख विद्यालयों की स्थिति का मूल्यांकन किया। सबसे पहले उच्च प्राथमिक विद्यालय सुजडू पहुंचे, जहां 10:38 बजे उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया गया। विद्यालय में नामांकित 356 बच्चों में से 324 छात्र-छात्राएं उपस्थित पाए गए। दो शिक्षिकाएँ प्रसूति एवं चिकित्सा अवकाश पर थीं, जबकि शेष स्टाफ उपस्थित मिला। विद्यालय में संचालित स्मार्ट क्लास, संतोषजनक भौतिक स्थिति, शैक्षिक स्तर तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार बनाए जा रहे मध्याह्न भोजन की व्यवस्था सराहनीय पाई गई।इसके बाद निरीक्षण टीम कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय सुजडू पहुंची। 11:15 बजे किए गए निरीक्षण में नामांकित 371 बच्चों में से 340 विद्यार्थी उपस्थित मिले। एक सहायक अध्यापक बाल्य देखभाल अवकाश पर थीं। विद्यालय में स्मार्ट क्लास का अच्छा संचालन देखा गया। परिसर की स्वच्छता, बच्चों की यूनिफॉर्म में उपस्थिति तथा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर बीएसए ने संतोष व्यक्त किया।तीसरा निरीक्षण उच्च प्राथमिक विद्यालय वहलना में किया गया, जहां 11:46 बजे उपस्थिति पंजिका की जांच हुई। विद्यालय में 477 नामांकनों में से 412 छात्र-छात्राएं उपस्थित पाए गए। एक शिक्षिका बाल्य देखभाल अवकाश पर थीं, जबकि अन्य स्टाफ समय पर मौजूद था। विद्यालय में स्मार्ट क्लास के साथ-साथ आईसीटी लैब का संचालन भी पाया गया, जो बच्चों के डिजिटल सीखने में सहायक है। भौतिक स्थिति, शैक्षिक माहौल और मध्याह्न भोजन व्यवस्था संतोषजनक देखी गई।अंतिम निरीक्षण उच्च प्राथमिक विद्यालय संधावली में किया गया। यहां 12:25 बजे तक पूरे स्टाफ की उपस्थिति दर्ज की गई। 500 नामांकनों के मुकाबले 404 विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। विद्यालय में स्मार्ट क्लास सुचारू रूप से चल रही थी। परिसर की स्वच्छता, बच्चों की यूनिफॉर्म, मध्याह्न भोजन और शिक्षण व्यवस्था को बेहतर पाया गया।सभी विद्यालयों में बालक-बालिका शौचालय अलग-अलग उपलब्ध मिले। मल्टीपल हैंडवॉश यूनिट, हैंडपंप और सबमर्सिबल सक्रिय अवस्था में पाए गए। समग्र रूप से बीएसए ने विद्यालयों की शैक्षिक और भौतिक व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए परीक्षाओं के दौरान अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts