मुजफ्फरनगर जनपद की मीरापुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में मीरापुर पुलिस ने लूट की एक गंभीर घटना का खुलासा करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है।लूट की घटना वादी रिहान द्वारा दर्ज कराई गई थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि तीन अज्ञात बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उनसे 1,23,000 रुपये लूट लिए। शिकायत पर थाना मीरापुर में मुकदमा अपराध संख्या 139/25, धारा 309(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तुरंत टीमों का गठन किया।6/7 जुलाई 2025 की रात्रि में पुलिस टीम को सूचना मिली कि बिजनौर रोड स्थित प्रेम भोजनालय के पीछे बंद पड़े एक कोल्हू पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति किसी आपराधिक वारदात की फिराक में एकत्र हैं। सूचना पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संदिग्धों को ललकारा, जिस पर बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की, जिसमें दो बदमाश एजाज और नवाजिश गोली लगने से घायल हो गए और उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।घायल बदमाशों के साथ दो अन्य को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि उनके दो साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस द्वारा बदमाशों के पास से दो तमंचे, तीन जिंदा व दो खोखा कारतूस, दो अवैध चाकू, लूटे गए 90 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।इस मुठभेड़ और गिरफ्तारी के संबंध में थाना मीरापुर में नया मुकदमा अपराध संख्या 140/25, धारा 109(1)/310(4)/310(5) बीएनएस व 3/4/25/28 आयुध अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में अग्रिम कानूनी कार्यवाही जारी है।















