मुजफ्फरनगर में 80 करोड़ की विकास योजना, 13 अक्टूबर को बोर्ड मीटिंग में रखे जाएंगे 128 प्रस्ताव

मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप शहर की विकास यात्रा को नई रफ्तार देने जा रही हैं। उन्होंने लगभग 80 करोड़ रुपये की विशाल नगरीय विकास योजना तैयार की है, जिसे आगामी 13 अक्टूबर को आयोजित होने वाली पालिका बोर्ड बैठक में सदन के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। यह बैठक करीब चार माह बाद हो रही है, जिसमें शहरी विकास को नई दिशा देने वाले 128 प्रस्ताव रखे जाएंगे। इनमें सड़कों, नालियों, जलनिकासी और पेयजल आपूर्ति में सुधार के साथ-साथ स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।

पालिकाध्यक्ष की स्वीकृति के बाद अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह ने शनिवार देर शाम एजेंडा जारी किया, जिसमें कुल 128 प्रस्ताव शामिल हैं। इनमें सामान्य कार्यों के साथ लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से शहर के 55 वार्डों में विकास कार्य कराए जाएंगे। इस योजना में 44 करोड़ 85 लाख रुपये से 337 कार्य, जबकि 1 करोड़ 72 लाख रुपये से नाली, पुलिया और सड़कों की मरम्मत के 56 अतिरिक्त कार्य प्रस्तावित हैं।

शहरी पथ प्रकाश व्यवस्था के सुधार के लिए भी बड़ा कदम उठाया गया है। दो साल से लंबित लाइट खरीद प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए विभिन्न स्थानों पर हाईमास्ट, फैंसी और सेमी हाईमास्ट लाइट लगाने का प्रस्ताव शामिल किया गया है। एटूजैड, सुरेंद्र नगर और नई मंडी चौराहे सहित सात स्थानों पर 16 मीटर हाईमास्ट लाइट लगाई जाएंगी। इसके अलावा नई मंडी, गांधी कॉलोनी, पटेलनगर, गांधीनगर, कूकड़ा, प्रेमपुरी, ईदगाह, हनुमान चौक और सदर बाजार में 72 से 84 वॉट की एलईडी फैंसी लाइटें लगेंगी, जबकि 75 और 45 वॉट की करीब 3000 नई स्ट्रीट लाइटें खरीदी जाएंगी।

इसके अतिरिक्त पालिका क्षेत्र के विस्तार के बाद 55 वार्डों को 12 हल्कों में विभाजित करने का प्रस्ताव भी लाया गया है, जिससे कर्मचारियों का कार्यभार कम हो और नागरिकों को सुविधाएं आसानी से मिल सकें। अचल संपत्ति नामांतरण से जुड़ी 650 पत्रावलियों के निस्तारण के लिए भी अधिशासी अधिकारी को अधिकार देने का निर्णय एजेंडे में शामिल है।

मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि यह योजना केवल अधोसंरचना सुधार तक सीमित नहीं है, बल्कि मुजफ्फरनगर को स्मार्ट और सुगम शहर बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है। यदि बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित हो जाता है, तो आने वाले महीनों में शहरवासी व्यापक विकास कार्यों के प्रत्यक्ष साक्षी बनेंगे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts