शाहपुर के कल्पना चावला मेमोरियल इंटर कॉलेज प्रांगण में राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती शिक्षा समर्पित सम्मान समारोह के रूप में भव्यता से मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न समाजों के कुल 750 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की पहल समाजवादी पार्टी के नेता सतेंद्र पाल ने की थी, जिन्होंने बुढ़ाना विधानसभा के गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क किया।
समारोह में सहारनपुर से वंश जोगी और अक्षिता जोगी, मुजफ्फरनगर से दिशा प्रजापति जैसी प्रतिभाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा पत्रकारों, खिलाड़ियों, समाजसेवियों और मातृशक्ति को भी मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मान प्रदान किया गया।समाजसेवी चंद्रपाल सिंह ने सतेंद्र पाल की सराहना करते हुए उन्हें लोकमाता की तरह समाज सेवा के लिए समर्पित बताया। सपा एससी/एसटी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राहुल भारती ने कहा कि राजमाता आज भी हर पिछड़े समाज के दिल में जीवित हैं।















