मुजफ्फरनगर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन सवेरा के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की है। एसएसपी संजय वर्मा और एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत के नेतृत्व में थाना नई मंडी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से 41.48 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करों से तस्करी में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में थाना नई मंडी पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश दी और तस्करों को पकड़ने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार अभियुक्त लंबे समय से स्मैक की तस्करी में सक्रिय थे और नशे के जाल में युवाओं को फंसा रहे थे। पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना अपराध कबूल किया है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी दी है।अवैध नशे का धंधा समाज के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई कर इस पर रोक लगाने की कोशिशें की जा रही हैं ताकि युवा वर्ग को नशे की लत से बचाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी और ऐसे अपराधियों के खिलाफ किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी।एसएसपी ने आम जनता से भी अपील की है कि अगर कहीं नशे का कारोबार होता दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि मिलकर इस समाज विरोधी गतिविधि पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई से जहां स्थानीय लोगों में राहत की भावना है, वहीं अपराधियों में खौफ का माहौल देखने को मिला है। मुजफ्फरनगर पुलिस का कहना है कि नशा मुक्त समाज बनाने के लिए अभियान और भी तेज किया जाएगा।















